टीबी से डरने की नहीं, लड़ने की जरूरत : संतोष टीवी से बचने के लिए सरकारी अस्पताल में इलाज कराना है ज्यादा फायदेमंद
टीबी से डरने की नहीं, लड़ने की जरूरत : संतोष
टीवी से बचने के लिए सरकारी अस्पताल में इलाज कराना है ज्यादा फायदेमंद
मोतिहारी, 24 फरवरी |
पूर्वी चम्पारण के चिरैया प्रखंड के हर्बोलवा गांव निवासी संतोष ने बताया कि उसे एक साल पहले खांसी में खून आने लगा। जिससे वह काफी डर गया। उसे समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर क्या करें। जब यह सिलसिला दो महीने तक चला, तब उसे लगा कि इसमें किसी से जरूर सलाह लेनी चाहिए। आखिरकार वह जहां नौकरी करता था वहां के लोगों से बात की। लोगों ने
चिकित्सक से जाँच के लिए कहा। इसके बाद संतोष गांव के ही प्राइवेट स्वास्थ्य केंद्र गया। लाभ न होने पर जब वह जिला अस्पताल आया तो जांच कराने पर उसे टीबी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसका डर और बढ़ गया, लेकिन अस्पताल के डॉक्टर ने उसे बताया कि टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है। इसका इलाज संभव है। इसके बाद उसका इलाज शुरू हुआ। टीबी अस्पताल में आकर पुनः डॉ व लैब टेक्नीशियन ललित कुमार, सुपरवाइजर अरविंद कुमार के कहने पर सरकारी इलाज लगातार छह महीने तक करवाया। दवा के सेवन करने के बाद वह ठीक हो गया। अब वह पूरी तरह से स्वस्थ भी है।
डरना नहीं, बल्कि लड़ना चाहिए
संतोष ने बताया कि कोई भी बीमारी हो डरना नहीं, बल्कि लड़ना चाहिए। अब मैं गांव के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करता हूं कि जांच जरूरी है। जांच करवाएं अगर टीबी हो तो सीधे सरकारी अस्पताल में इलाज करवाए।
लोगों ने पहले बना ली थी दूरी
संतोष ने बताया कि जब मुझे टीबी होने की पुष्टि हुई तो समाज के लोगों ने दूरी बना ली। आस-पड़ोस के लोग बातचीत करने से संकोच करते थे, लेकिन जब मैं ठीक हो गया तो अब लोग बातचीत कर रहे हैं । लोग पहले जैसा व्यवहार करते हैं।
जल्दी करवाएंगे इलाज तो हो जाएंगे ठीक
जिला स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ रंजीत रॉय ने कहा कि अगर टीबी होने के लक्षण दिखाई दे तो तत्काल अस्पताल आकर जांच कराएं। अगर टीबी हो जाने की पुष्टि हो जाती है तो अपना इलाज शुरू करवा लें। जितना जल्द इलाज करवाएंगे, उतना जल्द ठीक होंगें ।
टीबी का इलाज बिल्कुल मुफ्त है
टीबी के इलाज की व्यवस्था मुफ्त है। इसलिए संकोच नहीं करें। आपको आर्थिक परेशानी भी है तो सरकारी अस्पताल में संपर्क करें। यहां पर न सिर्फ आप का इलाज मुफ्त में होगा, बल्कि 500 रुपये की मदद भी मिलेगी । आर्थिक चिंता किए बगैर इलाज शुरू करवाएं।
कोरोना काल में निम्न बातों का पालन आवश्यक है-
-मास्क का इस्तेमाल
-नियमित साबुन पानी से हाथ धोना
-हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल
-6 फीट की शारीरिक दूरी रखने का पालन करें

Comments
Post a Comment