‌‌‌तय तिथि से सात दिन के अंदर दूसरा डोज लेने वाले जीतेगें पुरस्कार

‌‌‌तय तिथि से सात दिन के अंदर दूसरा डोज लेने वाले जीतेगें पुरस्कार 

- लकी ड्रॉ के तहत मिलेगा ईनाम

-  केयर इंडिया करेगी व्यय का वहन

वैशाली । 26 नवंबर 

कोविड टीकाकरण के दूसरे डोज के अधिक से अधिक आच्छादन के लिए स्वास्थ्य विभाग और केयर इंडिया की तरफ से 27 नवंबर से 31 दिसंबर तक  टीका लिजीए ईनाम पाईए अभियान चलाया जाएगा। 35 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में वैसे लाभार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिन्होंने अपने टीकाकरण के दूसरे डोज की तय तिथि से सात दिनों के अंदर टीकाकरण कराया हो। अभियान के बारे में सिविल सर्जन डॉ उषा किरण सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार और केयर का यह प्रयास काफी सराहणीय है। इससे लोगों में उत्साह और टीके के प्रति चेतना बढ़ेगी। मेरी भी जिलेवासियों से अपील है कि इस पुरस्कार अभियान से जुड़ कर टीकाकरण के अभियान को सफल बनाएं। केयर इंडिया के डीटीएल सुमित कुमार ने बताया कि लोगों के बीच यह पुरस्कार लकी ड्रॉ के जरिए बने विजेता को दिया जाएगा।

हर हफ्ते मिलेगा बंपर पुरस्कार 

केयर डीटीएल सुमित कुमार ने बताया कि टीका लिजीए ईनाम पाइए योजना के अंतर्गत प्रत्येक हफ्ते प्रति प्रखंड एक व्यक्ति को बंपंर पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं 10 विजेताओं को सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा जो आगामी 5 सप्ताह तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिलावार सर्वोच्च पुरस्कार हेतु 3 विजेताओं का लक्की ड्रॉ के माध्यम से चयन कर पुरस्कार दिया जाएगा। प्रत्येक लक्की ड्रॉ से चयनित विजेताओं को अगले शनिवार तक देय उपहार भी उपलब्ध करवा दिया जाएगा। 

सेकेंड डोज बढ़ाने की जरूरत 

सुमित कुमार ने कहा कि जिले में सेकेंड डोज बढ़ाने की जरूरत है। घर घर दस्तक अभियान के अलावे जनप्रतिनिधि, आशा तथा आंगनबाड़ी सेविका तथा सहायिकाओं के द्वारा लोगों को मोबिलाइज किया जा रहा है। सेकेंड डोज की स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है। जिले में प्रथम डोज लेने वालों की संख्या 25 तारीख तक 17,46,362 है वहीं सेकेंड डोज लेने वालों की संख्या अभी मात्र 6,68,437 है। जिसे टीका लिजिए ईनाम पाईए योजना से बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Comments