नवजात शिशु को ठंड से बचाएं : डॉ संतोष कु सिंह

नवजात शिशु को ठंड से बचाएं : डॉ संतोष कु सिंह

- कंगारू केयर के साथ साफ सफाई का रखें विशेष ध्यान

- गर्म कपड़े का करें उपयोग

- बाहरी वस्तुओं से करें परहेज,

- रात में भोजन अवश्य कराएं 

मोतिहारी, 30 दिसंबर । बारिश के कारण तापमान में हुई गिरावट के कारण ठंड में वृद्धि हो गई है जिसमें नवजात एवं  छोटे बच्चों के माता पिता को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पूर्वी चम्पारण जिले के वरीय शिशु रोग चिकित्सक डॉ संतोष कुमार सिंह का कहना है कि ठंड के मौसम में बच्चों को निमोनिया, कोल्ड डायरिया, सर्दी, खाँसी, बुखार के साथ अन्य ठंड जनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए बच्चों को हमेशा गर्म कपड़े पहनाएं, किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें। शिशु का रात में सोते वक़्त भी विशेष ख्याल रखें। बच्चे की माँ अपने नवजात को सीने से लगाकर रखें क्योंकि कंगारू केयर जरूरी है। इससे शिशु के दिल की धड़कन, ब्रीदिंग और शरीर का तापमान रेगुलेट करने में मदद मिलती है। जो उनकी सुरक्षा में काफ़ी मददगार साबित होता है। रात में गीले में न सोने दें। छः माह से कम आयु के बच्चों को सिर्फ माँ का दूध ही दें। किसी भी प्रकार का बाहरी भोजन न दें। साथ ही समय समय पर सभी टीकाकरण अवश्य ही कराएं। रात में बच्चों को भोजन अवश्य कराएं। खाली पेट नहीं सोने दें।

बदलते मौसम और गिरते तापमान में सतर्कता जरूरी :

डाॅ संतोष कुमार ने बताया कि बदलते मौसम और गिरते तापमान में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। सुबह और शाम में ठंड से होने वाली शारीरिक पीड़ा से दूर रहने के लिए निश्चित रूप से गर्म कपड़े का उपयोग करना चाहिए। गर्म पानी का सेवन करना चाहिए, ताकि ठंड शरीर को प्रभावित नहीं करे और लोग स्वस्थ रहें। 

जरूरी टीके समय पर जरूर लगवाएं:

डॉ संतोष कुमार ने बताया कि बच्चों को विभिन्न रोगों से बचने के लिए समय समय पर बच्चों का सभी आवश्यक टीका लगवाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि बच्चों का जन्म के साथ ही टीकाकरण शुरू कर दिया जाना चाहिए, क्योंकि नवजात शिशुओं की प्रतिरोध क्षमता कम होती और वे संक्रामक रोगों की चपेट में आ सकते हैं। जैसे-जैसे वे बड़े होते हैं, कुछ टीकों की बूस्टर खुराक दी जानी चाहिए ताकि रोग प्रतिरक्षण को बनाए रखा जा सके। ठंड के मौसम में निमोनिया जैसे रोग का भी खतरा बच्चों पर मंडराता है। इसलिए समय समय पर सभी आवश्यक टीका बच्चों को जरूर लगवाने चाहिए। बच्चों को लगने वाले टीके उन्हें सात जानलेवा बीमारियों से बचाते हैं। इनमें खसरा, टेटनस, पोलियो, टीबी, गलघोंटू, काली खांसी और हेपेटाइटिस बी जैसी बीमारियां शामिल हैं। 

ठंड के मौसम में बच्चे का रखें विशेष ख्याल : 

ठंड के मौसम में खुद के साथ-साथ बच्चे का विशेष ख्याल रखना जरूरी है। क्योंकि बच्चों में रोग-प्रतिरोध क्षमता काफी कम होती है। जिसके कारण ठंड के मौसम में सतर्कता नहीं बरतने पर ठंड से बच्चे बहुत जल्द प्रभावित हो जाते हैं। इसलिए, ऐसे मौसम में बच्चे का विशेष ख्याल रखें। ठंड के आगमन के साथ ही सर्दी-खाँसी, बुखार, साँस संबंधी परेशानी समेत अन्य मौसमी बीमारियों का भी दौर शुरू हो जाता और यह आम बीमारी बन जाती है।  यह किसी भी आयु वर्ग के लोगों को हो सकता है। ऐसे में सतर्क और सावधान रहना बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रतिदिन धूप लगाएँ, इससे शरीर में प्राकृतिक रूप से गर्मी बनी रहेगी। जिससे आप उक्त परेशानी से दूर रह सकते हैं।

Comments