बिहार का 20वां धूम्रपान मुक्त जिला बना शिवहर

बिहार का 20वां धूम्रपान मुक्त जिला बना शिवहर

- जिला पदाधिकारी ने शिवहर को अब तम्बाकू मुक्त जिला बनाने का दिलाया शपथ

- समस्त जिला वासियों से सार्वजनिक स्थानों पर तम्बाकू सेवन नहीं करने की अपील की

शिवहर। 19 मई

बिहार के 20वें जिला के रूप में शिवहर को धूम्रपान मुक्त जिला घोषित किया गया।

गुरुवार को समाहरणालय सभा कक्ष जिला पदाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ‌की अध्यक्षता में आयोजित जिला तंबाकू नियंत्रण समन्वयक समिति (डी टी सी सी सी) की बैठक में जिले को धूम्रपान मुक्त घोषित किया गया। कार्यक्रम में जिला के सभी वरीय पदाधिकारियों ने धूम्रपान मुक्त घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा सम्पूर्ण जिले को धूम्रपान/तम्बाकू मुक्त बनाए रखने की अपील की गई।

तम्बाकू नियंत्रण अधिनियम कोटपा-2003 की स्थिति जानने हेतु समय-समय पर सर्वेक्षण

तम्बाकू नियंत्रण हेतु राज्य सरकार की तकनीकी सहयोगी संस्था सोशियो इकोनॉमिक एण्ड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाईटी (सीड्स) के कार्यपालक निदेशक दीपक मिश्रा ने जिला के धूम्रपान मुक्त होने पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं सीड्स द्वारा संयुक्त रूप से राज्य के सभी 38 जिलों में तम्बाकू तम्बाकू नियंत्रण अधिनियम कोटपा-2003 की विभिन्न धाराओं के अनुपालन की स्थिति जानने हेतु राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा समय-समय पर स्वतंत्र एजेंसी से अनुपालन सर्वेक्षण कराया जाता है। उसी अनुपालन प्रतिवेदन के आधार पर कोटपा -2003 की धारा 4 (सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रतिबंध) के अनुपालन की बेहतर स्थिति पाए जाने पर जिलों को धूम्रपान मुक्त घोषित किया जाता है। 

स्वतंत्रत एजेंसी से सर्वेक्षण करवाया गया

अब तक राज्य के 19 जिले यथा मुंगेर, कटिहार, पटना, लखीसराय, मधेपुरा, सहरसा, वैशाली, गोपालगंज, मधुबनी, खगड़िया, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, गया,अरवल  सीतामढ़ी,  सुपौल, पूर्णिया एवं जमुई धूम्रपान मुक्त घोषित किये जा चुके हैं। जिला पदाधिकारी द्वारा आज शिवहर को राज्य के 20 वां जिला के रुप में धूम्रपान मुक्त जिला घोषित किया गया है। दीपक मिश्रा ने बताया कि इस साल शुरुआत में राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार और सीड्स के द्वारा राज्य के 10 जिलों में तम्बाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा 2003) के अनुपालन का एक स्वतंत्रत एजेंसी से सर्वेक्षण करवाया गया था। उक्त अनुपालन सर्वेक्षण में धूम्रपान मुक्त के तय मानकों के आधार पर शिवहर सहित राज्य के 4 जिलों को धूम्रपान मुक्त जिला घोषित करने निर्णय किया गया। शिवहर जिले में कोटपा की धारा 4 का अनुपालन प्रतिशत 90% पाया गया है।

अगला अभियान जिले को तंबाकू मुक्त बनाने का

जिला पदाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने समस्त जिला वासियों से अपील करते हुए कहा की धूम्रपान के बाद अब हमलोगों को जिले को तम्बाकू मुक्त जिला बनाने की मुहिम शुरू करनी है, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियों को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। जिला पदाधिकारी ने तम्बाकू नियंत्रण हेतु जिले में गठित त्रिस्तरीय छापामार दस्ते के सभी सदस्यों को शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में अवस्थित सभी तम्बाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों को हटवाते हुए नियमित रूप से छापामारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने शिवहर जिले के सभी नागरिक, शैक्षणिक संस्थानों, सहयोगी संस्था सीड्स,  मीडियाकर्मी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारी, पुलिस विभाग के सभी पदाधिकारी को धन्यवाद एवं बधाई दिया। उन्होंने कहा कि अब हमारा अगला अभियान शिवहर जिले को तंबाकू मुक्त जिला (टोबैको फ्री डिस्ट्रिक्ट) बनाने का होगा। 

कोविड-19 की तंबाकू समाप्त करने की लड़ाई लड़नी होगी

जिलाधिकारी ने शिवहर को स्मोक फ्री जिला घोषित करते हुए कहा कि जिले में 2018 -19 से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान करना एक खतरनाक आदत है, जहां छोटे-छोटे बच्चे हैं वहां तो स्थिति और भी अधिक नाजुक बन जाती है। तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को अभियान के रूप में चलाए जाने के काफी अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। सभी स्तर पर तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा है। अब सार्वजनिक स्थलों यथा सिनेमा हॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक सड़क, शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों सहित अन्य स्थानों पर धूम्रपान करना दंडनीय अपराध होगा। लोगों को तंबाकू का सेवन नहीं करने हेतु प्रेरित एवं जागरूक करना होगा। जिस प्रकार कोविड-19 से लड़ रहे हैं, उसी प्रकार हमें तंबाकू को समाप्त करने हेतु लड़ाई लड़नी होगी।

बढ़ गई जिलेवासियों की जिम्मेवारी

पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय ने कहा कि धूम्रपान मुक्त जिला घोषित होने के बाद अब जिलेवासियों की जिम्मेवारी और बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे राज्य को नशामुक्त बनाने हेतु कृतसंकल्पित है। नशामुक्त बिहार की परिकल्पना तभी साकार होगी जब राज्य तम्बाकू मुक्त हो जायेगा। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता शंभू शरण, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद इश्तियाक अली अंसारी, मुख्यालय डीएसपी शशि शेखर, जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉक्टर ओम प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ शलेन्द्र कुमार झा, तम्बाकू नियंत्रण के नोडल पदाधिकारी डॉ सुरेश राम, सीड्स के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुनिल चौधरी, नरेन्द्र शाही, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, संचारी रोग पदाधिकारी सहित अन्य लोग शामिल हुए।

Comments