नीलम कुमारी ने किया रिकार्ड टीकाकरण, लगाए 50,000 से अधिक टीके
नीलम कुमारी ने किया रिकार्ड टीकाकरण, लगाए 50,000 से अधिक टीके
-घर-परिवार की चिंता किये बगैर लोगों की सेवा में जुटी रहीं नीलम
सीतामढ़ी, 25 मई।
कोरोना काल में टीकाकरण के दौरान जहां अधिकांश लोग महामारी से जान बचाने का रास्ता देख रहे थे वहीं स्वास्थ्य विभाग आगे आकर लोगों को बचाने में दिन-रात जुटा रहा। इसमें सबसे अहम भूमिका उन स्वास्थ्यकर्मियों की थी, जो संक्रमण का खतरा होने के बावजूद टीकाकरण में जुटी थीं। सीतामढ़ी की ऐसी ही एक एएनएम हैं, जिन्होंने रिकार्ड टीकाकरण किया है। नीलम कुमारी जोश और जज्बा के साथ परिवार की चिंता किये बगैर लोगों की सेवा में जुटी रहीं। 16 जनवरी 2021 से शुरू हुए अभियान से अब तक एएनएम नीलम कुमारी ने 50, 000 से अधिक टीके लगाए हैं। वह जिले में सर्वाधिक टीकाकरण करने के मामले में पहले नंबर पर हैं।
घर परिवार का मिला साथ-
नीलम कुमारी ने बताया कि इस कार्य में उन्हें हर कदम पर परिवार का पूरा साथ मिला। हर सदस्य उनके संकल्प में सहभागी है। वे बताती हैं कि कोरोना काल में जब लोग एक दूसरे के पास जाने तक से कतराते थे, ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में मानव जीवन की सुरक्षा के लिए टीकाकरण में मैंने जिम्मेदारी निभाई है। मुझे गर्व है कि मैंने अपने शहर, प्रदेश और अपने देश के लोगों के लिए सार्थक प्रयास किया है। नीलम कुमारी सदर अस्पताल में एएनएम के पद पर काम कर रही हैं। कोविड वैक्सीनेशन के प्रति उनके समर्पण भाव की सभी सराहना करते नहीं थकते।
टीकाकरण को मजबूती देने के लिए जिम्मेदारी निभाई-
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके झा ने कहा कि अग्रिम मोर्चे पर डटे स्वास्थ्यकर्मियों की कोशिशों के कारण ही वैश्विक महामारी कोविड-19 के टीकाकरण को सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे स्वास्थ्यकर्मियों ने देश के टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए अपने जिला में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसमें महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभाई। एएनएम नीलम कुमारी भी ऐसी ही हैं, जिन्होंने टीकाकरण अभियान को मजबूती देने के लिए अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। साथ ही सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी टीकाकरण के लिए चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम में काम किया। इसी का परिणाम है कि निरंतर टीकाकरण अभियान जारी है।
Comments
Post a Comment