72,063 लोगों को आयुष्मान कार्ड निर्गत कर पहले स्थान पर रहा सीतामढ़ी
72,063 लोगों को आयुष्मान कार्ड निर्गत कर पहले स्थान पर रहा सीतामढ़ी
- वित्तीय वर्ष 2021-22 में सीतामढ़ी जिले में 72,063 लोगों को कार्ड निर्गत किये गए
सीतामढ़ी, 2 मई। प्रधानमंत्री की अतिमहत्वकांक्षी योजना आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डेन कार्ड बनाने में सीतामढ़ी पहले स्थान पर आया है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में सीतामढ़ी जिले में 72,063 लोगों को कार्ड निर्गत किये गए। वहीं मुजफ्फरपुर 47,694 कार्ड के साथ दूसरे और 44,317 कार्ड के साथ पटना तीसरे स्थान पर रहा। जिला कार्यक्रम समन्वयक साहेब सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के संबंध में जिलेवासियों को जागरूक किया गया है। जिला से लेकर प्रखंड व पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाये गए। इसी के परिणाम स्वरूप सीतामढ़ी में वर्ष 2021-22 में सबसे अधिक गोल्डेन कार्ड निर्गत किये गए।
2021-22 में 2300 लोगों का इलाज योजना के तहत :
जिला आईटी मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में 2300 लोगों का इलाज इस योजना के तहत हुआ है। इसमें 2013 का इलाज निजी अस्पताल, जबकि 287 का सरकारी में हुआ। जिले में सरकारी अस्पतालों के अलावा सात निजी अस्पताल योजना के तहत इलाज के लिए चयनित किये गए हैं। पंचायत स्तर पर कर्यपालक सहायक से, वसुधा कॉमन सर्विस सेंटर, यूटीआई-आईटीएसएल केंद्र पर जाकर आयुष्मान कार्ड बनवाया जा सकता है। कार्ड बनवाने में पारिवारिक पहचान के लिए राशन कार्ड या प्रधानमंत्री का लाभार्थी परिवार के नाम पत्र एवं व्यक्तिगत पहचान के लिए आधार कार्ड आवश्यक है।
पंचायतों में विशेष शिविर का आयोजन-
साहेब सिंह ने बताया कि कार्ड बनाने के लिए जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। योजना से संबंधित प्रचार प्रसार के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। जागरूकता के लिये सभी चौक चौराहों, सार्वजनिक स्थल, आरटीपीएस काउंटर, प्रखंड कार्यालय व ग्राम पंचायतों में बैनर व पोस्टर लगाया गया है। ताकि गांव के लोगों को इसकी जानकारी मिल सके। बताया कि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के बाद यह सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि इस काम को करने में डेटा ऑपरेटर रमण कुमार, मो. फिरोज, डीसी सौरभ झा, राजेश राय समेत टीम सभी सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Comments
Post a Comment