पांच जुलाई से सात अगस्त तक 133 ईएमटीसीटी हेल्थ कैम्प
सीतामढ़ी/ आयोजित होने वाले प्री ईएमटीसीटी मेगा हेल्थ कैंप को लेकर सिविल सर्जन की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ सुरेश चंद्र लाल ने हेल्थ कैंप के उद्देश्य के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यह कैंप गर्भवती महिलाओं, उनके पति, एचआईवी संक्रमित माता-पिता के बच्चों के साथ ही यक्ष्मा एवं कालाजार के मरीजों की जांच हेतु आयोजित किया जा रहा है। उक्त कैंप सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किए जाएंगे। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एक माह में सात कैंप लगाया जाएगा। पूरे जिला में 119 कैंप तथा अतिरिक्त 14 कैंप सहित कुल 133 कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप पांच जुलाई से सात अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक असित रंजन, लेखापाल सह डीईओ रंजन शरण, डीआईएस राजेश कुमार, संजीत कुमार, रंजय कुमार, संजीव कुमार सहित जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, काउंसलर, प्रयोगशाला प्राविधिक आदि शामिल हुए।
हर कैम्प में 250 मरीज की जांच का लक्ष्य-
जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार ने बताया ईएमटीसीटी मेगा हेल्थ कैंप में चार चिकित्सा कर्मी भाग लेंगे। कैंप के एक दिन पूर्व एवं कैंप के दिन माइकिंग करायी जाएगी , ताकि अधिक से अधिक मरीज भाग ले सकें। कैंप में वजन, ऊंचाई, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, एचआईवी, कोविड-19 आदि जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। कैम्प की मॉनिटरिंग जिला स्तर के पदाधिकारी एवं पर्यवेक्षक करेंगे। सभी कैंपों में लगभग 250 मरीज की जांच का लक्ष्य रखा गया है। प्रतिदिन कैंप के बाद संध्या में व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से प्रतिवेदन भेजा जाना है।
एचआईवी मुक्त जिला के लिए विभाग संकल्पित-
डॉ. मनाेज कुमार ने कहा कि मदर टू चाइल्ड ट्रांसमिशन के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए हर महिला की एचआईवी जांच अतिआवश्यक है। ताकि ससमय उसका इलाज हो सके। इससे शिशु मृत्युदर को भी कम करने में मदद मिलेगी। इसी उद्देश्य के तहत जिले भर में 133 ईएमटीसीटी हेल्थ कैम्प लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला को एचआईवी मुक्त रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग संकल्पित है। इसके लिए जिला में एचआईवी संक्रमितों की आईसीटीसी केंद्रों पर पहचान कर एआरटी सेंटर पर रेफर किया जाता है, जहां उन्हें मुफ्त दवा दी जाती है।
Comments
Post a Comment