मनोयोग के साथ रोज करें योगः डॉ शिव शंकर

मनोयोग के साथ  रोज करें योगः डॉ शिव शंकर

- मन और शरीर को जोड़ने का कार्य करता है योग 

मुजफ्फरपुर, 21 जून । 

विश्व योग दिवस के अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल सहित सभी प्राथमिक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर योग पर कार्यक्रम का आयेाजन किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति सहित पूरे जिले के स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरे मनोयोग से योग किया। गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ शिवशंकर ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों ने विश्व योग दिवस के अवसर पर भुजंगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, अनुलोम विलोम सहित कई तरह के योग करने के साथ इन्हें अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। 

कई रोगों में कारगर-

डॉ शिवशंकर ने कहा कि योग से कई फायदे हैं।  एक ओर यह इसे करने वालों को मानसिक शांति देता है तो दूसरी ओर यह हमें शारीरिक रूप से भी चुस्त और दुरुस्त रखता है। योग से मधुमेह, उच्चरक्तचाप जैसी बीमारियों पर नियंत्रण रखा जा सकता है। 

हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर आयोजित होगें योग सत्र -

डॉ शिवशंकर ने कहा कि जिले के सारे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर एक वर्ष में योग के 36 सत्र आयोजित होंगे। इसके लिए कुछ दिनों में योग शिक्षकों की बहाली करने का प्रावधान है। मंगलवार को भी जिले के विभिन्न हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर योग दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

योग के होते हैं दस प्रभाव -

डॉ शिवशंकर ने कहा कि योग के हमारे शरीर पर दस तरह के प्रभाव होते हैं। पहला प्रभाव शरीर पर होता है। मन हमेशा प्रसन्न रहता है। विचार परिष्कृत हो जाते हैं। मानसिक रोग मिट जाते हैं।  कार्यशीलता में आती है वृद्धि। व्यक्तित्व में आता है निखार। अच्छी नींद के लिए भी योग लाभदायी।  हर बुरी आदतों से मिलती है मुक्ति और योग से व्यक्ति स्वस्थ्य जीवन भी पाता है। 

योग को धर्म से जोड़ना गलत -

डॉ शिवशंकर ने कहा कि योग किसी धर्म या संप्रदाय का नहीं है। यह सभी के लिए है। आज जब जीवन ऑनलाइन हो गयी है तो ऐसे में योग ही है जिसे एक लाइन में रखा जा सकता है। अगर एक अर्थ में योग को कहें तो यह मन और शरीर को जोड़ने का कार्य करता है। मड़वन समेत अन्य प्रखंडों में आयोजित योग शिविरों में वहां के बीसीएम, एलटी, एएनएम, डीईओ, केयर प्रतिनिधि सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

Comments