सिंथेटिक पायरोथायराइड का छिड़काव शुरू

सिंथेटिक पायरोथायराइड का छिड़काव शुरू

- छिड़काव कार्य का शुभारंभ जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया

सीतामढ़ी, 21 जून। 

जिला भीबीडी नियंत्रण कार्यालय में मंगलवार को प्रथम चक्र के सिंथेटिक पायरोथायराइड  छिड़काव कार्य का शुभारंभ जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने हरी झंडी दिखाकर किया। साथ ही उन्होंने छिड़काव पंजी का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने जिले में कालाजार उन्मूलन के लक्ष्य को दिसंबर 2018 में ही पूरा कर लेने के लिए भीबीडी नियंत्रण अधिकारी डॉ. आरके यादव के योगदान और उपलब्धियों की सराहना की। साथ ही इस कार्यक्रम से जुड़े सभी कर्मियों को बधाई देते हुए उनका उत्साह वर्द्धन किया। डीएम ने इसे बरकरार रखने के साथ जिले को कालाजार शून्य पर ले जाने लिए प्रयासरत रहने की बात कही। डीएम ने छिड़काव कर्मियों को संबोधित करते हुए सभी घरों विशेषकर गोशाला, पूजा घर, पाठशाला व सोने वाले कमरे में अनिवार्य रूप से छिड़काव करने की अपील की।

कालाजार प्रभावित 20 गांव के 27683 घरों में छिड़काव -

जिला भीबीडी नियंत्रण पदधिकारी डॉ. रविन्द्र कुमार यादव ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार जिले के अति प्रभावित सुरसंड, बाजपट्टी, डुमरा, नानपुर, बोखरा, रुन्नीसैदपुर, रीगा एवं सुप्पी प्रखंड के 20 कालाजार प्रभावित गांव के 27683 घरों में छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए कार्य योजना तैयार की गई है। कार्य योजना के अनुसार 39 दलों द्वारा 15 जुलाई तक छिड़काव कार्य पूरा कर लेना है। उन्होंने कहा कि कोरोना के मद्देनजर छिड़काव कर्मियों को मास्क एवं सेनेटाइजर दिया गया है।

छिड़काव से पूर्व गृहस्वामी को आशा देंगी जानकारी-

सिविल सर्जन डॉ. सुरेश चन्द्र लाल ने छिड़काव कर्मियों को घर तथा गौशाला में जमीन से 6 फीट की ऊंचाई तक छिड़काव का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित क्षेत्र की आशा को छिड़काव के एक दिन पूर्व गृहस्वामी को छिड़काव की जानकारी देने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन ने कहा कि चिकित्सा पदाधिकारी तथा पर्यवेक्षकों

द्वारा दैनिक अनुश्रवण एवं संध्याकालीन समीक्षा की जाएगी। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जेपी यादव ने कहा कि पंचायत के मुखिया, वार्ड सदस्य आदि प्रतिनिधियों से संपर्क स्थापित कर शत प्रतिशत छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए आशा द्वारा इसकी जानकारी छिड़काव पूर्व दी जाएगी। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धनंजय कुमार, डीपीएम आशीत रंजन, केयर के ब्रजेंद्र प्रताप, प्रिंस कुमार, रजनीश कुमार, कमलेश कुमार, विक्रम कुमार, नवीन कुमार, शिवशंकर प्रसाद, राकेश कुमार झा आदि उपस्थित रहे।

Comments