लक्ष्य साधने में जुटा मातृ एवं शिशु अस्पताल
लक्ष्य साधने में जुटा मातृ एवं शिशु अस्पताल
- 24 घंटे मिलती है सिजेरियन की सुविधा
- उच्च जोखिम वाली महिलाओं को मिलती है तत्काल सुविधा
मुजफ्फरपुर, 21 जून।
जिले का मातृ शिशु अस्पताल लक्ष्य योजना को साधने में जुट गया है। दरअसल केंद्रीय लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मातृ शिशु दर में गिरावट लाने के लिए लक्ष्य योजना की शुरुआत की है। अभी तक जिले के मातृ शिशु अस्पताल को लक्ष्य का सर्टिफिकेशन नहीं मिल पाया है। सिविल सर्जन डॉ उमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को सदर स्थित एमसीएच में बेहतरीन सुविधाएं दी जा रही हैं। जो कहीं से भी प्राइवेट संस्थाओं से कम नहीं है। मातृ शिशु के लिए की गयी यह व्यवस्था लक्ष्य योजना की पूर्ति और आम लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रख कर की गयी है।
ट्राइज रूम की है व्यवस्था-
लेबर विभाग में कार्यरत जीएनएम आरजू आरफी ने कहा कि मुजफ्फरपुर जिले में ही एमसीएच बिल्डिंग की स्थापना के साथ ही पहली बार ट्राइज रूम की स्थापना की गयी। जहां पर गर्भवतियों की हिस्ट्री देखकर उच्च जोखिम और निम्न जोखिम की गर्भवती महिलाओं को अलग उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों जिनमें हाई बीपी, एनीमिया या पैर में सूजन जैसी समस्याएं है उन्हें तुरंत ही ओपीडी में दिखाया जाता है। ट्राइज रूम में ही गर्भवतियों का बीपी, तापमान, एलएमपी , इडीडी और अल्ट्रासाउंड की स्थिति देखी जाती है। इसके बाद जिनका प्रसव नजदीक में ही हो उन्हें प्री डिलीवरी रूम में शिफ्ट कर दिया जाता है। वहां से जरूरत के अनुसार लेबर रूम में ले लिया जाता है।
24 घंटे सिजेरियन की सुविधा-
एमसीएच में उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों के लिए 24 घंटे सिजेरियन की सुविधा उपलब्ध है। मेटरनिटी ओटी की इंचार्ज ज्योति कुमारी ने बताया कि इस एमसीएच के लेबर विंग में दो तरह के ओटी माइनर और मेजर हैं। मेजर में सिजेरियन की सुविधा उपलब्ध है वहीं माइनर में परिवार नियोजन और गर्भपात संबंधित छोटे ऑपरेशन होते हैं। यहां तीनों शिफ्ट में डॉक्टर तथा नर्स की तैनाती है। ऑपरेशन थियेटर काफी प्रभावशाली है जहां हाइड्रोलिक ऑपरेशन टेबल, कार्डियक मॉनिटर,24 घंटे ऑक्सीजन सप्लाई, शिशुओं की उचित देखभाल के लिए वार्मर, सक्शन मशीन, ऑक्सीजन कंस्नट्रेटर की व्यवस्था है। ब्लड की भी व्यवस्था अस्पताल के ब्लड बैंक से उपलब्ध हो जाती है।
Comments
Post a Comment