आशा कार्यकर्ताओं व फैसिलिटेटरों का छ: दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
- मॉड्यूल 5, 6, एवं 7 के चतुर्थ चरण का हुआ आवासीय प्रशिक्षण
- प्रशिक्षण उपरांत आशा और फैसिलिटेटरों को मिला प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र
मोतिहारी। जिले के ढाका अनुमंडलीय अस्पताल में आशा कार्यकर्ताओं व फैसिलिटेटरों का छः दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एन के साह, डॉ सुधीर कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर उपस्थित डीसीएम नन्दन झा एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गुप्ता ने बताया कि एक बैच में चयनित 32 आशा कार्यकर्ता और 02 फैसिलिटेटर को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रकार तीन बैच में एक दिन में कुल 96 लोगों का प्रशिक्षण कराया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षुओं को स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न सेवाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई।
मॉड्यूल 5, 6, एवं 7 का हुआ आवासीय प्रशिक्षण-
ढाका अस्पताल के बीसीएम गजनफ़र आलम ने बताया कि चयनित आशा कार्यकर्ता व फैसिलिटेटर को मॉड्यूल 5, 6, एवं 7 के चतुर्थ चरण का छ: दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर डीसीएम नंदन झा ने बताया कि इस प्रशिक्षण में समय से पूर्व जन्मे बच्चे औऱ जन्म के समय कम वजन वाले शिशुओं का कैसे मूल्यांकन किया जाना है, उनके होने वाले खतरों से कैसे सुरक्षित करना है, शिशुओं की देखभाल संबंधी जानकारियां, माँ को शिशुओं की देखभाल संबंधित जानकारी आदि बताया गया। नवजात शिशुओं में रक्त संक्रमण की पहचान एवं जाँच के साथ स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सभी सेवाओं का आशा कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी गयी। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एन के साह, डॉ सुधीर कुमार गुप्ता, बीसीएम गजनाफ़र आलम, परिवार कल्याण परामर्शी मोहम्मद असगर अली, बीएमसी यूनिसेफ भागेश्वर चौधरी, केयर के प्रतिनिधि अरुण कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment