पोषण माह के दौरान 2 लाख 24 हजार 366 गतिविधियों का किया गया संचालन

- पोषण पुनर्वास केंद्र का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

- एएनसी के दौरान 180 कैल्शियम की गोली सुनिश्चित करने का निर्देश

मुजफ्फरपुर। आईसीडीएस द्वारा सितंबर को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान कुल 2 लाख 24 हजार 366 गतिविधियां की गईं। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी प्रणव कुमार, डीडीसी आशुतोष द्विवेदी, सिविल सर्जन डॉ यूसी शर्मा और आईसीडीएस डीपीओ चांदनी सिंह द्वारा संयुक्त रूप से पोषण रथ को झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों में रवाना किया गया। यह पोषण रथ विभिन्न प्रखंडों में पोषण संदेश देंगे। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पोषण पुनर्वास केंद्र जाकर वहां विभिन्न प्रखंडों से आए अतिकुपोषित बच्चों के बारे में जानकारी ली तथा सभी माताओं को स्वच्छता किट प्रदान किया। बेहतर पोषण के लिए स्वच्छता, उचित आहार के महत्व के बारे में परामर्श भी दिया।

पोषण समन्वय समिति की हुई बैठक-

समाहरणालय सभागार में पोषण समन्वय समिति की बैठक हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी विभागों का आपसी समन्वय पोषण अभियान से संबंधित सभी विषयों पर करना था। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के सभी अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित करने, उनका उचित उपचार करते हुए और उनका डाटा ब्लॉक वाइज संग्रहित करने का निर्देश दिया। विफस का इंडेट जिन प्रखंडों के द्वारा नहीं किया गया है उसको जल्द से जल्द इंडेंट करवा के कार्यक्रम को शुरू करवाने को कहा। एएनसी में 180 आयरन गोली का शत प्रतिशत क्रियान्वन होना सुनिश्चित कराना, जन आंदोलन के डैश बोर्ड पर पोषण माह में जिन प्रखंडों का बचे हुए 4 दिनों में सभी एक्टिविटी का एंट्री करवाना सुनिश्चित कराना, लाभार्थी का आधार वेरिफिकेशन आईसीडीएस विभाग के द्वारा कम होने पर इसे शत प्रतिशत पूरा करना आदि भी उनके निर्देशों में शामिल था।

पोषण भी पढ़ाई भी पर जोर-

जिलाधिकारी ने “पोषण भी पढ़ाई भी” पर जोर दिया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर वृद्धि निगरानी का आयोजन किया गया जिसमें जीरो से छह वर्ष के सभी बच्चों का वजन एवं लंबाई मापा गया ताकि उम्र के अनुसार बच्चों के पोषण स्तर की जानकारी प्राप्त की जा सके। इसके अलावा सकरा, मुरौल एवं बंदरा में आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी के रुप में विकसित करने लिए पुरस्कृत भी किया गया। बैठक में डीपीओ आईसीडीएस चांदनी सिंह, डीसीएम, डीडीसी, सीएस, डीआईओ, डीसीएम, शिक्षा विभाग, जीविका,  जिला पंचायती राज पदाधिकारी के साथ अलाइव एंड थ्राइव, केयर इंडिया, प्लान इंडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Comments