घर-घर जाकर सर्वे कर नियमित टीकाकरण कराएँ : डीआईओ

-सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने के लिए सही समय पर नियमित टीकाकरण जरूरी

- नियमित टीकाकरण को लेकर पहाड़पुर में हुई बैठक

मोतिहारी। जिले में नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग तत्पर है। नियमित टीकाकरण में लक्ष्य प्राप्ति का निर्देश डीआईओ डॉ. शरत चन्द्र शर्मा ने सभी पीएचसी प्रभारियों को दिया है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी आशा कार्यकर्ताओं को सर्वे रजिस्टर व ड्यू लिस्ट का सत्यापन करने और घर-घर जाकर सर्वे करने का निर्देश दिया गया है, जिससे टीकाकरण में तेजी लाई जा सके। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और नवजात को नियमित टीकाकरण से आच्छादित करने को कहा है। उन्होंने बताया कि शिशुओं को दिया जाने वाला टीका शिशुओं को कई तरह की गंभीर बीमारियों से बचाने के साथ प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करता है। इसलिए नियमित रूप से बच्चों और नवजातों का टीकाकरण कराना जरूरी है।

टीकाकरण में तेजी लाएँ-

डीआईओ ने बताया कि जिले में नियमित टीकाकरण की वर्तमान स्थिति लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। उन्होंने लक्ष्य प्राप्त करने हेतु शत प्रतिशत टीकाकरण में तेजी लाने के लिए कहा गया है। विशेषकर खसरा व डिप्थीरिया आदि के मामलों के बढ़ने की आशंका पर टीकाकरण में तेजी लाई जा रही है।

सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने के लिए समय पर नियमित टीकाकरण जरूरी-

डब्लू एच ओ के जिला प्रतिनिधि नरोत्तम कुमार ने बताया कि सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने एवं शिशु के स्वस्थ शरीर निर्माण के लिए समय पर नियमित टीकाकरण जरूरी है। इसलिए कोविड के साथ नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का भी आयोजन कर योग्य लाभार्थी का नियमित टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण बच्चों को डिप्थेरिया, काली खांसी, हेपेटाइटिस बी, टेटनेस, पोलियो, टीबी व खसरा जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी है। नियमित टीकाकरण के दौरान बच्चों को बीसीजी, ओपीवी, पेंटावेलेंट, रोटा वैक्सीन, आईपीवी, मिजल्स, विटामिन ए, डीपीटी बूस्टर डोज, मिजल्स बूस्टर डोज और बूस्टर ओपीवी के टीके लगाए जाते हैं।

नियमित टीकाकरण को लेकर बैठक-

आज पहाड़पुर के स्वास्थ्य केंद्र में नियमित टीकाकरण नोडल डा ऋषि कुमार चौधरी की अध्यक्षता में चिन्हित स्थानों पर बेहतर टीकाकरण आच्छादन के लिए सभी फैसिलीटेटर की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी फैसिलीटेटर को निर्देश दिया गया कि उनके क्षेत्र में पड़ने वाले कमजोर सेशन साइट का चयन कर उसकी सूची प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को उपलब्ध करा दें। बैठक में अनिकेत कुमार, धीरज कुमार, मोनालिसा, प्रतिमा, कामिनी, पुष्पा, मंजू, अंजु, सीमा देवी, इन्दु देवी, कृष्णा इत्यादि मौजूद थे।

Comments