गर्भवती महिलाएं व नवजात शिशुओं के लिए जरूरी है टीकाकरण
-पहाड़पुर में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर हुआ टीकाकरण
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण के डीआईओ डॉ शरत चन्द्र शर्मा ने बताया कि कोरोना काल में गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखा जरूरी है। बच्चे व उसकी माता को संतुलित आहार का सेवन करना चाहिए। साथ ही संक्रमण के खतरों से बचने के लिए समय पर सरकारी अस्पताल में मिलने वाले सभी आवश्यक टीकाकरण कराना चाहिए।
पहाड़पुर में बच्चों का लगाया गया टीका-
पहाड़पुर में बुधवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर 15 सेशन साइटों पर बच्चों के टीकाकरण का आयोजन किया गया । इस सेशन में दुबे टोला सतहां के केंद्र संख्या 59 और चैनपट्टी सरेया के केंद्र संख्या 16 का मॉनीटरिंग डब्लूएचओ के नरोत्तम कुमार के द्वारा किया गया। सेशन मॉनीटरिंग के पश्चात दोनो हीं गांव में घर-घर भ्रमण कर बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जांच की। लोगों को टीके का महत्व और स्वस्थ जीवन के लिए इसकी आवश्यकता के बारे में लोगों को बताया गया। टीकाकरण के बाद होने वाले बुखार के बारे में नरोत्तम कुमार ने बताया कि टीकाकरण से शरीर में रोग से लड़ने की क्षमता पैदा होती है। इसीकारण से बुखार आता है। बुखार का हल्का प्रभाव 24 घन्टे रह सकता है जिसके लिए एएनएम के द्वारा पारासिटामोल दिया जाता है। जिससे बच्चे को आराम हो जाता है। बुखार से घबराने की जरुरत नहीं है।
टीकाकरण से गर्भस्थ शिशुओं की भी होती है रक्षा-
सीएस ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। इससे मां और शिशु, दोनों में ही विभिन्न बीमारियों व संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए चिकित्सक की सलाह पर टीके जरूर लगवाने चाहिए। अक्सर इनकी अनदेखी गंभीर स्थिति उत्पन्न करती है। सरकार भी गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण अभियान चलाती ही रहती है।
टीकाकरण जानलेवा बीमारियों से करता है बचाव-
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ शर्मा ने बताया कि छह जानलेवा बीमारियों से बचाव के टीके लगाना सभी बच्चों के लिए जरूरी होता है। खसरा, टिटनस, पोलियो, क्षय रोग, गलघोंटू, काली खांसी और हेपेटाइटिस बी जैसे रोगों से बचने के लिए समय पर टीकाकरण जरूरी है। कुछ टीके गर्भवती महिलाओं को भी लगाए जाते हैं। जिससे उन्हें व होने वाले शिशु को टिटनस व अन्य गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके। बच्चों को जुकाम, बुखार होने पर उन्हें टीका न लगवायें।
Comments
Post a Comment