टीकाकरण जागरूकता को मिलेगी नई रफ्तार, बगहा-1 एवं बैरिया में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का विशेष प्रशिक्षण
-CoP-D कार्यक्रम के तहत आशा, आंगनवाड़ी, जीविका एवं स्वास्थ्यकर्मियों को किया जा रहा प्रशिक्षित
-टूल किट, संचार सामग्री और वीडियो आधारित प्रशिक्षण से मजबूत होगी सामुदायिक भागीदारी
बेतिया। जिले के बगहा-1 एवं बैरिया प्रखंडों में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कम्युनिटी ऑफ प्रैक्टिस फॉर डिमांड (CoP-D) कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तर के फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सेविका, सीएम जीविका, एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समुदाय में नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुदृढ़ बनाना है। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को कार्य निष्पादन में सहयोग के लिए विशेष टूल किट एवं बैग पैक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें व्यवहार परिवर्तन संचार (बीसीसी) के विभिन्न उपकरणों, संवाद सामग्री और वीडियो आधारित शिक्षण माध्यमों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों द्वारा टीकाकरण के महत्व, समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने की रणनीतियों, छूटे हुए बच्चों की पहचान तथा उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को प्रभावी संवाद कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे वे समुदाय के लोगों, विशेषकर अभिभावकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर सकें और टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों एवं संकोच को दूर कर सकें।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रशिक्षित फ्रंटलाइन कार्यकर्ता अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में टीकाकरण के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने तथा शत-प्रतिशत पात्र बच्चों तक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह पहल नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को मजबूत करने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक मनोज कुमार सिंह, शशिकांत पाण्डेय, निधि पाण्डेय एवं मुरारी कुमार सहित CoP-D कार्यक्रम की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment