टीबी मरीजों के पोषण के लिए रेड क्रॉस की पहल, 300 मरीजों को वितरित की गई फूड बास्केट
-राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुआ खाद्य सामग्री वितरण कार्यक्रम
-जिलाधिकारी कुमार गौरव ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
मुजफ्फरपुर। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा, मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मरीजों के बीच खाद्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कुमार गौरव, रेड क्रॉस जिला शाखा के अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय तथा सचिव उदय शंकर प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय ने जिलाधिकारी को बुके एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 300 मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि टीबी के सफल उपचार में नियमित दवा के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस प्रकार के प्रयास मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने के साथ-साथ टीबी मुक्त भारत अभियान को भी मजबूती प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. सी. के. दास, रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार चौधरी, कार्यकारिणी सदस्य हरेराम मिश्रा, डॉ. रिजवान अहमद एजाजी, हरिनिवास गुप्ता, प्रेस क्लब के रितेश अनुपम, अनिल कुमार, पुष्कर विद्यार्थी सहित रेड क्रॉस के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment