टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली रफ्तार, जिले में 3.99 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग, 371 नए मरीजों की पहचान

-जागरूकता रैली के माध्यम से टीबी जांच के प्रति किया गया जागरूक

सीतामढ़ी। सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र कुमार यादव एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जेड. जावेद के नेतृत्व में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं यक्ष्मा कर्मियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। लगभग 100 स्वास्थ्यकर्मियों ने रैली में भाग लेकर लोगों को टीबी के लक्षण पहचानने, समय पर जांच कराने तथा निःशुल्क उपचार का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

दूसरे चरण में 3.99 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग, 371 नए टीबी मरीज मिले:

जिला यक्ष्मा पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के पहले चरण में सीतामढ़ी जिले ने 4,10,374 लोगों की स्क्रीनिंग कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। दूसरे चरण में 2 जुलाई 2026 से अब तक 6,36,165 के लक्ष्य के विरुद्ध 3,99,527 लोगों की स्क्रीनिंग, 14,850 एक्स-रे तथा 6,255 नाट जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान 371 नए यक्ष्मा मरीजों की पहचान हुई है, जिनका नियमित उपचार किया जा रहा है।

पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों से गांव-गांव पहुंच रही स्क्रीनिंग सेवा:

राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई चार अल्ट्रा पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों में से तीन का संचालन बथनाहा, रुन्नीसैदपुर एवं नानपुर प्रखंडों में शुरू हो चुका है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार माइक्रो प्लान बनाकर सभी प्रखंडों के सीएचओ एवं एएनएम को प्रतिदिन कम से कम 30 लोगों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 30 हजार लोगों की स्क्रीनिंग कर निक्षय पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट किया जा रहा है।

टीबी मरीजों को निःशुल्क इलाज, ₹1000 प्रतिमाह पोषण सहायता एवं न्यूट्रिशनल सपोर्ट:

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना, भूख न लगना या रात में अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण होने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में टीबी की जांच कराएं। सभी जांच एवं उपचार पूरी तरह निःशुल्क हैं तथा रोग की पुष्टि होने पर उपचार अवधि तक प्रतिमाह ₹1000 की पोषण सहायता डीबीटी के माध्यम से दी जाती है। साथ ही निक्षय मित्रों के सहयोग से अगले सप्ताह 230 टीबी मरीजों को फूड बास्केट के रूप में न्यूट्रिशनल सपोर्ट भी उपलब्ध कराया जाएगा।

Comments