​डिजिटल पहल: भीएचएसएनडी सत्रों की रियल-टाइम निगरानी को मजबूत करेगा ‘यू-मेंटर’ ऐप

-​प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारियों को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण, फील्ड स्तर की समस्याओं का समयबद्ध होगा समाधान

सीतामढ़ी। जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (भीएचएसएनडी) सत्रों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और प्रभावशीलता को बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने डिजिटल तकनीक का सहारा लिया है। भारत सरकार की पहल ‘यू-मेंटर’ ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव के मार्गदर्शन एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

​तकनीकी दक्षता से दूर होंगी जमीनी स्तर की खामियां:

​कार्यशाला में जिले के सभी प्रखंडों से आए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक और प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक को ऐप की तकनीकी बारीकियों और व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत ट्रेनिंग दी गई।

​प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य प्रखंड स्तरीय निगरानी दल को ऐप के जरिए सत्रों की नियमित और सटीक 'सपोर्टिव मॉनिटरिंग' के लिए सक्षम बनाना है। अब चिकित्सा पदाधिकारी और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओ) सीधे फील्ड से डाटा दर्ज कर सकेंगे, जिससे सत्र स्थल पर टीकाकरण, पोषण व दवाओं से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं की फौरन पहचान होगी और प्रखंड स्तर पर ही उनका त्वरित निवारण संभव हो सकेगा।

​मातृ-शिशु स्वास्थ्य के लिए सत्रों की नियमितता जरूरी:

​सत्र को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव ने कहा कि भीएचएसएनडी ग्रामीण स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा, शत-प्रतिशत टीकाकरण और पोषण की रीढ़ है। इसकी सफलता फील्ड मॉनिटरिंग की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐप के माध्यम से केवल डाटा फीड न करें, बल्कि फील्ड टीम को आवश्यक ऑन-साइट सहयोग भी प्रदान करें।

​सहयोगी संस्थाओं की रही सक्रिय सहभागिता:

​कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक विजय चंद्र झा, यूनिसेफ के क्षेत्रीय कंसल्टेंट एजाज अफजल व क्षेत्रीय समन्वयक (गावी) धर्मेंद्र, वाधवानी ए आई के राज्य समन्वयक ओम प्रकाश यादव व जिला समन्वयक राकेश कुमार, जेएसआई के जिला समन्वयक संकेत कुमार, यूएनडीपी से संतोष पाण्डेय तथा पीरामल फाउंडेशन से प्रभाकर कुमार, रोहित कुमार व दुर्गा प्रसाद सहित सभी प्रखंडों के प्रमुख स्वास्थ्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Comments