वैशाली में 22 नवंबर से चलेगा पल्स पोलियो अभियान
-5.71 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
-अभियान की सफलता के लिए सदर अस्पताल में प्रशिक्षण, 1294 टीमें घर-घर पहुंचेगी
वैशाली। जिले में 22 नवंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अभियान के सफल संचालन और पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल हाजीपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण (टीओटी) कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में एसएमओ डॉ. राजेश कुमार वर्मा सहित जिले के सभी 16 प्रखंडों के नोडल चिकित्सा पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस मौके पर यूएनडीपी के जक्की अहमद और सिद्धार्थ शेखर, जेएआई के प्रतिनिधि, गावी के दीपक सिसोदिया और डब्ल्यूएचओ के अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान अभियान की कार्ययोजना, टीमों की जिम्मेदारी, दवा वितरण, बच्चों तक पहुंच और अभियान की निगरानी से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी दी गई।
जिले में पांच वर्ष तक के 5 लाख 71 हजार 789 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1294 घर-घर जाने वाली टीमें, 150 ट्रांजिट टीमें और 24 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। अभियान की निगरानी के लिए 454 पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। वहीं, दवा के भंडारण और वितरण के लिए 77 सब-डिपो होल्डर की व्यवस्था की गई है। जिले के 16 प्रखंडों के साथ हाजीपुर शहरी क्षेत्र में भी अभियान चलाया जाएगा।
28 नवंबर शनिवार को बी-टीम संभालेगी जिम्मेदारी:
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 से 26 नवंबर तक ए-टीम घर-घर जाकर बच्चों को दो बूंद पोलियो की खुराक पिलाएगी। इसके बाद 28 नवंबर (शनिवार) को बी-टीम की गतिविधियां संचालित होंगी। अभियान के दौरान सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक टीमें कार्य करेंगी। 30 नवंबर को अंतिम चरण का सर्वेक्षण किया जाएगा। इस अभियान में बाइवैलेंट ओरल पोलियो वैक्सीन (बीओपीवी) का इस्तेमाल किया जाएगा।
Comments
Post a Comment